फर्जी ED अधिकारी गिरफ्तार, पर अमर उजाला की खबर पर उठे सवाल – बिना पक्ष जाने प्रमुख उद्योगपति अशोक टेंटीवाल और ED में तैनात पुत्र का नाम छापने से परिवार को मानसिक पीड़ा

मथुरा। थाना रिफाइनरी क्षेत्र में पुलिस ने आज फरह कस्बा निवासी सचिन शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सचिन अपने आपको ED का अधिकारी बताकर कई लोगों से ठगी करता था और फेसबुक पर इसका प्रचार-प्रसार करता था।

पुलिस अधीक्षक नगर, मथुरा ने बाइट में बताया कि जांच के बाद आज उसे गिरफ्तार किया गया। उसके पास से ED के अधिकारी का आईडी कार्ड, एक फॉक्स गाड़ी, दो आधार कार्ड और कई ATM व क्रेडिट कार्ड बरामद हुए हैं। थाना रिफाइनरी में सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।

पुलिस ने बताया कि अभी यह जांच की जा रही है कि उसने इस तरह झूठ बोलकर कितने लोगों को शिकार बनाया है। विवेचना साइंटिफिक तरीके से CDR और लोकेशन के आधार पर की जाएगी। फिलहाल उसे माननीय न्यायालय के समक्ष भेजा जा रहा है।

खबर पर परिवार की आपत्ति

इस कार्रवाई के बाद मथुरा के दैनिक समाचार पत्र अमर उजाला में प्रकाशित खबर को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।

मथुरा के प्रमुख उद्योगपति अशोक टेंटीवाल एवं उनके पुत्र, जो ED में स्पेशल डायरेक्टर के पद पर तैनात हैं, के परिजनों / समर्थकों का आरोप है कि अमर उजाला ने पुलिस के दिए बयान से हटकर, बिना उनसे संपर्क किए, बिना उनका पक्ष जाने, खबर में उनका नाम सहित जिक्र कर दिया। इससे उन्हें मानसिक पीड़ा पहुंची है।

परिवार का पक्ष है कि –
1. इस कथित फर्जी व्यक्ति को वो जानते तक नहीं हैं।
2. न वो उनके गांव का है, न आसपास का है, न ही उनका कोई फोनिक कन्वर्सेशन है।
3. कथित व्यक्ति द्वारा यह अवैध कार्य पिछले 2 साल से किया जा रहा था, जबकि ED में ज्वाइन किए हुए मनु टेंटीवाल को सिर्फ डेढ़ साल हुआ है।

परिवार से जुड़े लोगों का कहना है कि जिस व्यक्ति का इस पूरे मामले से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं, उसका नाम एक बड़े उद्योगपति और ED में तैनात उनके पुत्र के साथ जोड़ना संदेहात्मक है।

मांग – इसकी जांच हो

इस मामले में मांग उठ रही है कि प्रमुख दैनिक समाचार पत्र द्वारा इस तरीके की खबर कैसे प्रकाशित की गई, इसकी जांच होनी चाहिए। समाचार लिखने वाले पत्रकार की मंशा पर भी सवाल उठ रहे हैं।

किसी भी जिम्मेदार पत्रकारिता में नियम यही है कि खबर छापने से पहले जिसका नाम लिखा जा रहा है, उसका पक्ष जरूर लिया जाए। यहां ऐसा नहीं किया गया, ऐसा परिवार का आरोप है।

फिलहाल पुलिस का फोकस फर्जी ED अधिकारी सचिन शर्मा की ठगी की जांच पर है, वहीं दूसरी तरफ अमर उजाला की खबर को लेकर मथुरा में चर्चा तेज हो गई है।

रिपोर्ट- आकाश चतुर्वेदी बैंकर
सी.ई.ओ & एडिटर इन चीफ
– समाचार सुपरफास्ट न्यूज,
(उत्तर-प्रदेश / उत्तराखंड)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *