अमेरिका में सनातन का दिव्य संदेश देकर हरिहर आश्रम लौटे जूनापीठाधीश्वर पूज्य आचार्यश्री, आश्रम में हर्षोल्लास
हरिद्वार, 13 सितम्बर 2026। सनातन धर्म का दिव्य संदेश लेकर संयुक्त राज्य अमेरिका की धर्मप्रचार यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न कर जूनापीठाधीश्वर आचार्यमहामण्डलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरि जी महाराज “पूज्य आचार्यश्री” आज अपनी आचार्यपीठ श्री हरिहर आश्रम, कनखल, हरिद्वार पधारे।
अमेरिका से लौटने पर पूज्य आचार्यश्री पहले दिल्ली स्थित प्रभुश्री विहार पहुंचे, जहाँ प्रभु प्रेमी संघ के पदाधिकारियों और भक्तों ने उनका भावपूर्ण स्वागत किया। उसके बाद वे हरिद्वार के लिए रवाना हुए।
हरिहर आश्रम पहुंचते ही संतों, ब्रह्मचारियों, वेदपाठी ब्राह्मणों, वैदिक बटुकों और सेवकों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उनका आत्मीय अभिनंदन किया। पूरे आश्रम परिसर में आध्यात्मिक उल्लास छा गया।
पूज्य आचार्यश्री ने मां गंगा का दर्शन, स्नान एवं पूजन किया और आश्रम स्थित भगवान महामृत्युञ्जय महादेव, पारदेश्वर महादेव, संकटमोचन हनुमान जी, दिव्य रुद्राक्ष वृक्ष और आदि शंकराचार्य के विग्रह का दर्शन-पूजन कर विश्वमंगल की प्रार्थना की।
उन्होंने बताया कि अमेरिका प्रवास के दौरान विभिन्न शहरों में सत्संग, धर्मसभा और संगोष्ठियों के माध्यम से उन्होंने उपनिषद, गीता, रामायण और योगवासिष्ठ के आत्मज्ञान, योग और विश्वबंधुत्व के शाश्वत मूल्यों का प्रसार किया।
पूज्य आचार्यश्री 17 सितम्बर तक हरिहर आश्रम में प्रवास करेंगे। इस दौरान वे परम गुरुदेव की समाधि, भारत माता मंदिर, मां मायादेवी और आनंद भैरव के दर्शन करेंगे और संत-भक्तों से संवाद करेंगे। इसके बाद वे मध्य प्रदेश प्रवास पर जाएंगे।

