गोरखपुर में बनेगा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, सीएम योगी और हरदीप सिंह पुरी ने किया शिलान्यास

पत्र सूचना शाखा
(मुख्यमंत्री सूचना परिसर)
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, उ0प्र0

मुख्यमंत्री एवं केन्द्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री ने जनपद गोरखपुर में
46 एकड़ भूमि पर 393 करोड़ रु0 की लागत केे अत्याधुनिक अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण के प्रथम चरण के कार्याें का भूमिपूजन कर शिलान्यास किया

देश के प्रतिभाशाली युवा अपने सामर्थ्य से
प्रधानमंत्री जी के विजन को आगे बढ़ा रहे: मुख्यमंत्री

प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में उ0प्र0 सरकार
खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर को निरन्तर विकसित कर रही

प्रधानमंत्री ने ‘खेलो इण्डिया’, ‘फिट इण्डिया मूवमेन्ट’, ‘सांसद खेलकूद
प्रतियोगिता’ केे माध्यम से देश में नई खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया

अन्तरराष्ट्रीय स्टेडियम पूर्वी उ0प्र0 के युवाओं व आने वाली
पीढ़ी के लिए खेलकूद गतिविधियों को आगे बढ़ाने हेतु महत्वपूर्ण

स्टेडियम के बगल में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा,
यहां इण्डोर गेम, हॉकी तथा अन्य खेलकूद गतिविधियां आगे बढ़ेंगी

उ0प्र0 देश का पहला राज्य, जिसने खेल नीति बनाकर ओलम्पिक,
कॉमनवेल्थ, एशियाड व वर्ल्ड चैम्पियनशिप में मेडल प्राप्त करने वाले
खिलाड़ियों को सीधी भर्ती के माध्यम से सरकारी नौकरी दी

प्रधानमंत्री जी अन्तरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं को भारत में आयोजित
कराकर भारत की खेल प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रहे

मेरठ में मेजर ध्यानचंद के नाम पर स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का
निर्माण लगभग पूर्ण, इसी सत्र में इसका भव्य उद्घाटन होने जा रहा

प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा व बी0सी0सी0आई0 की सहायता से वाराणसी
में एक इण्टरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा

डबल इंजन सरकार आमजन के कल्याण के लिए विकास
परियोजनाओं व रोजगार सृजन के कार्याें को आगे बढ़ा रही

प्रधानमंत्री जी एवं मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उ0प्र0 में विकास के
नये प्रतिमान गढ़े जा रहे: केन्द्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री
लखनऊ: 16 मई, 2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी एवं केन्द्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री श्री हरदीप सिंह पुरी ने आज जनपद गोरखपुर में 46 एकड़ भूमि पर 393 करोड़ रुपये की लागत निर्मित होने वाले अत्याधुनिक अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण के प्रथम चरण के कार्याें का भूमिपूजन कर शिलान्यास किया। 30,000 दर्शक क्षमता वाले इस स्टेडियम में 04 हाई मास्ट स्पोर्ट्स लाइटिंग सिस्टम, मुख्य मैदान में 07 प्लेइंग पिच, 08 प्रैक्टिस पिच तथा प्रवेश एवं निकास के लिए 08 गेट की व्यवस्था होगी। स्टेडियम अग्नि सुरक्षा, भूकम्परोधी उपायों, ऊर्जा दक्ष प्रणालियों, एल0ई0डी0 प्रकाश व्यवस्था तथा अत्याधुनिक हीटिंग, वेन्टिलेशन एवं एयर कण्डीशनिंग से युक्त होगा।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री जी ने कहा कि देश के प्रतिभाशाली युवा अपने सामर्थ्य से प्रधानमंत्री जी के विजन को आगे बढ़ा रहे हैं। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश सरकार खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर को निरन्तर विकसित कर रही है। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री जी ने देशवासियों को ‘खेलो इण्डिया’ का स्लोगन दिया था। उन्होंने ‘फिट इण्डिया मूवमेन्ट’, ‘सांसद खेलकूद प्रतियोगिता’ को आगे बढ़ाया था। इन प्रतियोगिताओं केे माध्यम से देश में नई खेल संस्कृति को बढ़ावा मिला। खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर को विकसित करने की प्रतिस्पर्धा बढ़ी। परिणामस्वरूप ओलम्पिक, एशियाड, कॉमनवेल्थ व अन्य अन्तरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिभाग बढ़ा और मेडल की संख्या में भी बढ़ोत्तरी हुई। आज का दिन पूर्वी उत्तर प्रदेश के युवाओं व आने वाली पीढ़ी के लिए खेलकूद गतिविधियों को आगे बढ़ाने हेतु महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गोरखपुर में अन्तरराष्ट्रीय स्टेडियम के निर्माण के लिए तत्कालीन केन्द्रीय शहरी एवं आवासन मंत्री श्री हरदीप सिंह पुरी जी से निवेदन किया गया था, तब उन्होंने तत्काल 100 करोड़ रुपये की सहायता देकर स्टेडियम का निर्माण शुरू करने पर अपनी सहमति प्रदान की थी। आज वह स्वयं इस स्टेडियम के शिलान्यास के साक्षी बने हैं। यह अन्तरराष्ट्रीय स्टेडियम 30,000 दर्शक क्षमता का होगा। स्टेडियम का निर्माण 46 एकड़ भूमि में किया जा रहा है। यहां पार्किंग व अन्य बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध होंगी। 60 एकड़ भूमि रिजर्व रखी गयी है।
स्टेडियम के बगल में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। यहां इण्डोर गेम, हॉकी तथा अन्य खेलकूद गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाएगा। यहां पर अब होटल, रेस्टोरेंट व मार्केट बनेंगे। आज से कुछ वर्ष पूर्व तक यह क्षेत्र उपेक्षित व बंजर पड़ा हुआ था। अब यह भूमि पूरी तरह कब्जा मुक्त है। डबल इंजन सरकार इस भूमि पर यहां के युवाओं के भविष्य को तराशने और उनको आगे बढ़ाने का एक बेहतरीन प्लेटफार्म उपलब्ध करा रही है। सरकार के पास लैण्ड होगी, तो उसका उपयोग लोक कल्याण में होगा। सरकारी भूमि का उपयोग लोक कल्याण व विकास की परियोजनाओं के लिए किया जाना चाहिए। सरकार ने प्रदेश को माफिया, गुण्डा, दंगा व कर्फ्यू मुक्त बनाया, जिससे प्रदेश विकास के पथ पर तेजी के साथ आगे बढ़ा है। जब विकास होता है तो रोजगार का सृजन स्वतः स्फूर्त भाव के साथ होता है।


मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य है, जिसने खेल नीति बनाकर ओलम्पिक, कॉमनवेल्थ, एशियाड व वर्ल्ड चैम्पियनशिप में मेडल प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को सीधी भर्ती के माध्यम से 534 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। श्री ललित उपाध्याय, सुश्री दीप्ति शर्मा, सुश्री पारुल चौधरी, श्री अखिल श्योराण, श्री अर्जुन देशवाल, श्री प्रवीण कुमार और श्री राजकुमार पाल को डिप्टी एस0पी0 के पद तथा श्री विजय कुमार यादव व सुश्री दिव्या काकरन को नायब तहसीलदार के पद पर नियुक्ति दी गयी है।
श्री अर्जुन सिंह को यात्री/माल कर अधिकारी, सुश्री प्राची तथा श्री पुनीत कुमार को जिला युवा कल्याण अधिकारी एवं प्रादेशिक दल अधिकारी, श्री अजीत सिंह सुश्री सिमरन को जिला पंचायतीराज अधिकारी, सुश्री प्रीति पाल को खण्ड विकास अधिकारी तथा श्री रिंकू सिंह को क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी के रूप में नियुक्ति प्रदान की गयी है। इसी प्रकार 500 अन्य खिलाड़ियों के लिए नई भर्ती निकाली गयी है, जिसमें शीघ्र ही ओलम्पिक, एशियाड, कॉमनवेल्थ व वर्ल्ड चैम्पियनशिप तथा किसी भी नेशनल चैम्पियनशिप में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को सीधी भर्ती के माध्यम से नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार उन सभी खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहित करती है, जो देश के लिए मेडल जीतते हैं। वर्ष 2030 में अहमदाबाद में कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन होने जा रहा है। भारत ने वर्ष 2036 के ओलम्पिक के लिए अपनी दावेदारी प्रस्तुत की है। प्रधानमंत्री जी इन प्रतियोगिताओं को भारत में आयोजित कराकर भारत की खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को अपनी ही जमीन पर अपना सामर्थ्य दिखाने का अवसर प्रदान कर रहे हैं।


मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक गांव में खेल का मैदान विकसित कर रही है। विकासखण्ड स्तर पर मिनी स्टेडियम तथा जिले स्तर पर स्टेडियम बनाने का कार्य प्रारम्भ हो गया है। प्रत्येक कमिश्नरी स्तर पर एक स्पोर्ट्स कॉलेज बनाने की दिशा कार्य चल रहा है। मेरठ में मेजर ध्यानचंद के नाम पर स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण लगभग पूर्ण हो चुका है। इसी सत्र में उसका उद्घाटन भी हो जाएगा। विगत वर्ष पाठ्यक्रम प्रारम्भ करवा दिए गये थे। अब खेल विश्वविद्यालय का भव्य उद्घाटन होने जा रहा है। प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से व बी0सी0सी0आई0 की सहायता से वाराणसी में एक इण्टरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है। आज उत्तर प्रदेश सरकार और भारत सरकार के पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के सहयोग से गोरखपुर में भी एक इण्टरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास का कार्यक्रम सम्पन्न हो रहा है। स्टेडियम के निर्माण में सहयोग करने के लिए इण्डियन ऑलय कारपोरेशन, हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन व भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में वेटरनरी कॉलेज का निर्माण कार्य चल रहा है। यह वेटरनरी कॉलेज पशुधन के उपचार का माध्यम बनेगा। यहां से बड़ी संख्या में पशु चिकित्सक तैयार होंगे, जो प्रदेश व देश में अपनी सेवाएं दे पाएंगे।


मुख्यमंत्री जी ने कहा कि 10 वर्ष पूर्व तक गोरखपुर से वाराणसी जाने में चार से पांच घण्टे लगते थे। अब मात्र ढाई घण्टे में गोरखपुर से वाराणसी पहुंचा जा सकता है। 10 वर्ष पूर्व लखनऊ पहुंचने में 08 घण्टे का समय लगता था, लेकिन आज 03 घण्टे में हम लखनऊ की दूरी तय कर सकते हैं। सरकार तेजी के साथ दूरी घटाने का कार्य कर रही है। बची हुई स्पीड को आपके विकास में लगाकर रोजगार के सृजन में उसका उपयोग कर रही है। विकास का कोई विकल्प नहीं हो सकता। जो लोग हमें भाषा व जाति के नाम पर बांटते हैं, वह हमारा कल्याण नहीं कर सकते। ऐसे लोग अराजकता, भ्रष्टाचार तथा भाई-भतीजावाद के लिए कार्य करते हैं। डबल इंजन सरकार आमजन के कल्याण के लिए विकास परियोजनाओं व रोजगार सृजन के कार्याें को आगे बढ़ा रही है। आज प्रदेश के प्रत्येक जनपद में फोर लेन की कनेक्टिविटी मिलेगी। प्रदेश में बेहतरीन एयरपोर्ट के साथ-साथ एक्सप्रेस-वे का नेटवर्क मिलेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पूरा देश एवं दुनिया पश्चिम एशिया संकट से जूझ रही है। अनिश्चितता की स्थिति है। दुनिया के कई देशों मंे अव्यवस्था का माहौल है। इन परिस्थितियों में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व मंे केन्द्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री श्री हरदीप सिंह पुरी ने बेहतरीन प्रबन्धन का परिचय दिया है।


कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री श्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि आज गोरखपुर में यह अवसर केवल स्टेडियम परियोजना के शुभारम्भ का ही नहीं, बल्कि यहां के युवाओं के सपनों को पूर्ण करने व सम्भावनाओं को आगे बढ़ाने का एक अवसर भी है। प्रधानमंत्री जी एवं मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास के नये प्रतिमान गढ़े जा रहे है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में विकास के क्षेत्र में जो परिवर्तन हुए हैं, वह अद्भुत हैं। उत्तर प्रदेश ने विभिन्न केन्द्रीय योजनाओं में देश में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। प्रधानमंत्री आवास योजना एवं हवाई अड्डों के निर्माण में उत्तर प्रदेश ने बेहतरीन उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में पिछले एक दशक में उत्तर प्रदेश ने अपनी एक नई पहचान बनाई है। यह पहचान देश में एक उदाहरण है। आज उत्तर प्रदेश अपने विकास, सुशासन एवं आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए जाना जाता है। प्रदेश की सुदृढ़ कानून व्यवस्था ने प्रदेश में उद्योग जगत को नये अवसर प्रदान किए है। प्रदेश में निवेश में वृद्धि हुई है।
केन्द्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री जी ने कहा कि मुख्यमंत्री जी किसी भी योजना की बारीकियों को समझकर उसका क्रियान्वयन करते है। वह विकास परियोजनाओं के प्रस्ताव पर त्वरित निर्णय लेते है। उनके नेतृत्व में आज उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे प्रदेश के रूप में जाना जाता है। पूर्वान्चल एक्सप्रेस-वे, गंगा एक्सप्रेस-वे, बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे आज केवल एक सड़क ही नहीं, बल्कि प्रदेश की जीवन रेखा बन चुके है। आज उत्तर प्रदेश विकास और विश्वास का नया प्रतीक बना है। ऊर्जा के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। प्रदेश सरकार द्वारा हरित ऊर्जा के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य किया जा रहा है। बायोगैस, कम्प्रेस्ड गैस में उत्तर प्रदेश ने कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया है। प्रदेश सरकार स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देकर किसानो की आय में वृद्धि तथा पर्यावरण संरक्षण का कार्य कर रही है। उत्तर प्रदेश प्रधानमंत्री जी के वेस्ट टू वेल्थ विजन का उत्कृष्ट उदाहरण बना है।


केन्द्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्री कमलेश पासवान ने कहा कि आज गोरखपुर को एक अन्तरराष्ट्रीय स्टेडियम की सौगात प्राप्त हो रही है। पहले यहां के युवाओं के लिए इस प्रकार के स्टेडियम की उपलब्धता नहीं थी। अब यहां के युवाओं को बेहतरीन खेल अवसंरचना प्राप्त होगी। पहले यहां के क्रिकेट प्रेमी मैच देखने के लिए दिल्ली, लखनऊ जैसे शहर में जाया करते थे अब उन्हें यही अन्तरराष्ट्रीय मैच देखने के अवसर प्राप्त होंगे। यहा आई0पी0एल0 के मैच आयोजित किए जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि आज गोरखपुर में विकास की अनेक प्रकार की परियोजनाएं चल रही हैं। आज गोरखपुर में एम्स और वेटरनरी कॉलेज भी है। इस क्षेत्र में खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर की कमी थी, जिसकी आज पूर्ति हो रही है। इस क्रिकेट स्टेडियम के बन जाने से इस क्षेत्र की अर्थव्यवस्था भी बदलेगी। यहां नए उद्योग लगेंगे तथा रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।
कार्यक्रम को खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गिरीश चन्द्र यादव तथा सांसद श्री रवि किशन शुक्ल ने भी सम्बोधित किया।
कार्यक्रम में खेलों पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गयी।

इस अवसर पर मत्स्य मंत्री श्री संजय निषाद अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *