यूपी में 62 डेटा व AI लैब खुलेंगी
योगी बोले, राज्य में दो हज़ार करोड़ के प्रॉजेक्ट लॉन्च होंगे
समाचार सुपरफास्ट रिपोर्ट, लखनऊः स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के साथ ही आम आदमी तक उनकी पहुंच बढ़ाने के लिए अगले तीन वर्षों में आर्टिफिशल इंटेलिजेंस (एआई) मिशन के तहत राज्य में करीब 2,000 करोड़ रुपये के प्रॉजेक्ट लॉन्च होंगे। ‘एआई इन ट्रांसफॉर्मिंग हेल्थकेयर’ विषय पर सोमवार से शुरू हुई कॉन्फ्रेंस में सीएम योगी आदित्यनाथ ने यह जानकारी दी। कॉन्फ्रेंस के दौरान राज्य में 62 डेटा एवं एआई लैब विकसित करने के लिए एमओयू भी हुआ। सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग और चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की तरफ से आयोजित दो दिवसीय कॉन्फ्रेंस का उद् घाटन करते हुए सीएम ने कहा कि आने वाले वर्षों में यूपी देश का सबसे बेहतर राज्य होगा। योगी ने पिछले 11 वर्षों में तकनीक का इस्तेमाल कर भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने का दावा करते हुए इसका श्रेय पीएम नरेंद्र मोदी को दिया। योगी ने बताया कि साल 2017 से पहले प्रदेश में केवल 40 मेडिकल कॉलेज थे, जो आज बढ़कर S1 हो चुके हैं।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन करने के साथ ही वहां लगे स्टाल देखे।
49 लैब को मंजूरी, 13 को ज़मीन का इंतज़ार
कॉन्फ्रेंस के दौरान डिजिटल इंडिया कॉरपोरेशन और यूपी डिवेलपमेंट सिस्टम्स कॉरपोरेशन लिमिटेड के बीच एमओयू हुआ। इसके तहत यूपी में 62 डेटा एवं एआई लैब विकसित की जाएंगी। यूपीडेस्को की प्रबंध निदेशक नेहा जैन ने बताया कि 49 लैब को मंजूरी मिल चुकी है, जबकि 13 के लिए जमीन तलाशी जा रही है।


