भारतीय क्रिकेट की सबसे बड़ी घरेलू ट्रॉफी रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सीजन के दूसरे राउंड का आगाज 23 जनवरी से हो गया है, जिसमें इस बार टीम इंडिया के कई स्टार खिलाड़ी अपने-अपने प्रदेश की टीम से खेलते हुए दिख रहे हैं। इसी में एक नाम मैच विनर ऑलराउंडर खिलाड़ी रवींद्र जडेजा का भी शामिल है जो सौराष्ट्र की टीम से खेल रहे हैं। रणजी ट्रॉफी 2024-25 में सौराष्ट्र की टीम ग्रुप-डी का हिस्सा है जिसमें वह एलीट ग्रुप-डी में राजकोट के मैदान पर दिल्ली के खिलाफ मुकाबला खेल रही है, जिसमें रवींद्र जडेजा का गेंद से कमाल देखने को मिला है। जडेजा की बेहतरीन गेंदबाजी के चलते सौराष्ट्र की टीम ने दिल्ली की पहली पारी को सिर्फ 188 के स्कोर पर समेट दिया।
