उत्तर-प्रदेश समाचार सुपरफास्ट न्यूज़
रिपोर्टर: लखनऊ
दिनांक: 14 जुलाई 2026
योगी सरकार ने बदली सरकारी स्कूलों की तस्वीर, ‘कायाकल्प’ और ‘अलंकार’ से मिली नई पहचान
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के सरकारी विद्यालयों की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। बेसिक शिक्षा में ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ और माध्यमिक शिक्षा में ‘प्रोजेक्ट अलंकार’ के जरिए स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। अब सरकारी स्कूल भी स्मार्ट क्लास, लैब और पुस्तकालयों के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नए केंद्र बन रहे हैं।
1.32 लाख परिषदीय स्कूलों का हुआ कायाकल्प
ऑपरेशन कायाकल्प ने बेसिक शिक्षा की दशा और दिशा दोनों बदल दी। इसके तहत प्रदेश के 1.32 लाख परिषदीय विद्यालयों का कायाकल्प किया जा चुका है। वर्ष 2017-18 में स्कूलों का संतृप्तिकरण सिर्फ 36% था, जो अब बढ़कर 96.30% के पार पहुंच गया है।
इस योजना के तहत:
- 1.30 लाख से ज्यादा स्कूलों में पुस्तकालय स्थापित
- हजारों स्कूलों में स्मार्ट क्लास शुरू
- 3.42 लाख डेस्क-बेंच बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे
- 4.50 लाख शिक्षकों को एफएलएन आधारित प्रशिक्षण दिया गया, जिससे कक्षा 1 से 5 तक भाषा और गणित मजबूत हुए
प्रोजेक्ट अलंकार से चमके राजकीय माध्यमिक विद्यालय
माध्यमिक शिक्षा में भी बड़ा बदलाव हुआ है। प्रोजेक्ट अलंकार के तहत 2,383 राजकीय और 590 सहायता प्राप्त विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ।
- 778 आईसीटी लैब और 1,236 स्मार्ट क्लास स्थापित
- 41 नए राजकीय इंटर कॉलेज और 215 नए हाईस्कूल का निर्माण पूरा
- 60 नए इंटर कॉलेज और 280 नए विद्यालयों को मिली स्वीकृति
मॉडल स्कूल और पीएम श्री से मिली नई उड़ान
गुणवत्ता को और बढ़ाने के लिए सरकार ने कई नई पहल शुरू की हैं:
- 75 जिलों में 150 मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय बनाए जा रहे, 141 के लिए जमीन चयनित
- 75 मुख्यमंत्री अभ्युदय कम्पोजिट विद्यालय भी विकसित हो रहे
- 746 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों को 6 से 12 तक अपग्रेड किया जा रहा
- प्रदेश में 1,722 पीएम श्री विद्यालय संचालित, जहां NEP-2020 के अनुसार कौशल विकास और नवाचार पर जोर
बेटियों की शिक्षा और तकनीक को मिली प्राथमिकता
सरकार ने बालिका शिक्षा पर खास ध्यान दिया। जिन ब्लॉकों में केजीबीवी नहीं हैं वहां नए आवासीय बालिका विद्यालय खोले जाएंगे। साथ ही तकनीक आधारित शिक्षण से बच्चों के सीखने का माहौल मजबूत हुआ है।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने कहा कि “ऑपरेशन कायाकल्प और प्रोजेक्ट अलंकार ने स्कूलों की पहचान बदल दी है। हमारा लक्ष्य हर विद्यालय को उत्कृष्ट शिक्षा का केंद्र बनाना है, ताकि हर बच्चा आत्मविश्वास के साथ भविष्य बना सके।”
योगी सरकार के इन प्रयासों से अब अभिभावकों का भरोसा भी सरकारी स्कूलों पर बढ़ा है।
#UPNews #YogiGovt #OperationKayakalp #ProjectAlankar #Education #SamacharSuperfast
