उत्तर-प्रदेश समाचार सुपरफास्ट न्यूज़
रिपोर्टर: लखनऊ
दिनांक: 13 जुलाई 2026
लखनऊ: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी ने 4,850 करोड़ की 3 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास, कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे जनता को समर्पित
उत्तर प्रदेश को आज 4,850 करोड़ रुपये से अधिक की 3 बड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की सौगात मिली। केन्द्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह और केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में इन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण
कार्यक्रम की सबसे बड़ी सौगात 4,200 करोड़ रुपये की लागत से बना 63 किलोमीटर लम्बा 6-लेन कानपुर-लखनऊ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे रहा। इसके शुरू होने से अब कानपुर से लखनऊ की यात्रा मात्र 25 मिनट में पूरी हो सकेगी।
इसके साथ ही 541 करोड़ रुपये लागत के 32 किलोमीटर लम्बे हरदोई-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पैकेज-4 के 4-लेन निर्माण का लोकार्पण और लखनऊ के इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर 109 करोड़ रुपये की लागत से 1 किलोमीटर लम्बे 4-लेन फ्लाईओवर का शिलान्यास भी किया गया।
लखनऊ को मिली बड़ी राहत: शहीद पथ पर बनेगा 23 किमी एलिवेटेड कॉरिडोर
लखनऊ की ट्रैफिक समस्या को देखते हुए शहीद पथ पर लगभग 23 किलोमीटर लम्बे थ्री-लेयर एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण को भी मंजूरी दे दी गई। केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इसका डीपीआर बनाने के आदेश दे दिए हैं। दिसम्बर 2026 तक इसका भूमि पूजन होगा।
इस एलिवेटेड रोड की सबसे ऊपरी मंजिल पर इलेक्ट्रिक मास रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम भी चलेगा। गडकरी ने कहा कि यह फ्लाईओवर इंजीनियरिंग का अद्भुत उदाहरण बनेगा और विश्व के आकर्षण का केन्द्र होगा।
यूपी में 2 लाख करोड़ के काम 2 साल में पूरे होंगे
बैठक में यूपी के लिए लगभग 50-60 हजार करोड़ रुपये के नए कार्यों को स्वीकृति दी गई। केन्द्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि आने वाले 2 वर्षों में उत्तर प्रदेश में 2 लाख करोड़ रुपये के कार्य पूरे कर लिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 1,23,000 करोड़ रुपये की लागत से 8 ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे बनाए जा रहे हैं। 28,000 करोड़ की लागत से 6 शहरों में रिंग रोड और बाईपास का निर्माण हो रहा है। 22,000 करोड़ खर्च कर बौद्ध सर्किट को भी पूरा किया गया है।
क्या बोले नेता
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा – “मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में यूपी का तेजी से विकास हो रहा है। प्रदेश की सुदृढ़ कानून-व्यवस्था की देशभर में सराहना हो रही है। लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है और आने वाले महीनों में बड़े उद्योग भी लगेंगे।”
नितिन गडकरी ने कहा – “बदलते हुए यूपी की तस्वीर सब देख रहे हैं। अगर यूपी समृद्ध होगा तो हिन्दुस्तान की तरक्की होगी। हमारी सरकार का लक्ष्य भारत को 5 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनाना है और इसमें यूपी की अहम भूमिका होगी।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा – “प्रधानमंत्री के विजन को धरातल पर उतारने में केन्द्रीय मंत्रियों का मार्गदर्शन लगातार मिल रहा है। आज प्रदेश की 2 मेट्रोपोलिटन सिटी को ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे से जोड़ा गया। यह स्टेट कैपिटल रीजन के विजन को साकार करेगा। पहले यूपी बीमारू राज्य था, आज ब्रेक-थ्रू राज्य बनकर देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन रहा है।”
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक सहित कई मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
#LucknowNews #UPDevelopment #KanpurLucknowExpressway #YogiGovt #SamacharSuperfast




