मथुरा स्टेडियम में करंट लगने से बच्चे की मौत:टेनिस कोर्ट के बिजली पोल में उतरा करंट, दौड़ लगाते समय चपेट में आया
मथुरा के गणेशरा स्थित स्व. मोहन पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में रविवार सुबह 7 बजे करंट लगने से 14 साल के बच्चे की मौत हो गई। किशोर स्टेडियम में दौड़ लगाने के दौरान टेनिस कोर्ट की ओर गया था। वहां लगे बिजली के पोल के संपर्क में आ गया।
मृतक की पहचान गोवर्धन मार्ग स्थित अमर कॉलोनी निवासी जितेंद्र खेरवार (14) पुत्र कैलाश प्रसाद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, जितेंद्र रोज की तरह सुबह करीब सात बजे दौड़ लगाने स्टेडियम पहुंचा था।
इसी दौरान वह टेनिस कोर्ट के पास पहुंचा, जहां लाइट के पोल में करंट उतर आया था। पोल के संपर्क में आते ही वह करंट की चपेट में आकर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद खिलाड़ियों ने तुरंत उसे पोल से अलग किया।
सूचना मिलते ही एथलेटिक्स कोच दिनेश मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में उसे गोवर्धन चौराहा स्थित सिटी हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
