मथुरा
पराली प्रबंधन को लेकर जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की किसानों से भावुक अपील
मथुरा। धान की कटाई के सीजन के बीच पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने जिले के सभी किसान भाइयों से पराली न जलाने की अपील की है।
डीएम कार्यालय से जारी बाइट में जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान में धान की मड़ाई चल रही है और कुछ किसान भाई जल्दबाजी के चक्कर में खेत में ही पराली जला देते हैं। पराली जलाने से न केवल पर्यावरण को, बल्कि हमारी मृदा और स्वयं के स्वास्थ्य को भी भारी नुकसान होता है।
उन्होंने कहा कि गिरिराज पर्वत हम सबका जीता जागता उदाहरण है। भगवान श्री कृष्ण ने पर्यावरण और गौ वंश को संरक्षित करने का संदेश इसी मथुरा-गोवर्धन से पूरे विश्व को दिया था। आज हम ही अनजाने में पर्यावरण को नुकसान पहुँचा रहे हैं।
किसानों के लिए व्यवस्था –
- किसान अपनी पराली गौशालाओं को दान कर सकते हैं।
- यदि दान नहीं कर सकते तो इकट्ठा करके रखें, प्रशासन स्वयं अधिकारियों के माध्यम से पराली खरीदवाएगा और उसका पैसा किसानों को दिया जाएगा।
डीएम ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि पराली जलाना दंडनीय अपराध है। माननीय सर्वोच्च न्यायालय और NGT द्वारा अर्थदंड और बार-बार अपराध करने पर मुकदमा दर्ज करने के सख्त निर्देश हैं। सेटेलाइट के माध्यम से प्रतिदिन निगरानी की जा रही है, विशेषकर छाता क्षेत्र में। सभी अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गई है।
अंत में उन्होंने राधे-राधे कहते हुए सभी किसानों से सहयोग की अपील की।
रिपोर्ट:- आकाश चतुर्वेदी बैंकर
सी.ई.ओ & एडिटर इन चीफ,
समाचार सुपरफास्ट न्यूज़
(उत्तर-प्रदेश / उत्तराखंड)
