कृष्णा नगर में गूंजा स्वच्छता का संदेश, 350 से अधिक स्वयंसेवकों-कर्मचारियों ने संभाली कमान
मथुरा। व्रज वैभव अभियान के अंतर्गत ब्रज की पवित्रता और सुंदरता बनाए रखने के लिए कृष्णा नगर में रविवार को व्यापक स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन, नगर निगम और हार्टफुलनेस के संयुक्त तत्वावधान में चले इस अभियान में 350 से अधिक लोगों ने श्रमदान किया।
अभियान में हार्टफुलनेस के करीब 250 स्वयंसेवक और नगर निगम के 100 कर्मचारी शामिल रहे। अभियान की शुरुआत से पहले नगर निगम सभागार में हार्टफुलनेस द्वारा सामूहिक ध्यान सत्र का आयोजन किया गया। ध्यान सत्र के बाद सभी स्वयंसेवकों ने स्वच्छता को सामाजिक जिम्मेदारी मानकर ब्रज को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
इसके बाद नगर निगम कार्यालय से स्वच्छता रैली निकाली गई, जो राधा नगर होते हुए कृष्णा नगर मार्केट तक गई। हाथों में झाड़ू और स्वच्छता संदेश की तख्तियां लेकर स्वयंसेवक सड़कों पर उतरे और दुकानदारों व स्थानीय लोगों को जागरूक किया।
दुकान के बाहर डस्टबिन रखें – निशांत शर्मा
हार्टफुलनेस समन्वयक निशांत शर्मा ने कृष्णा नगर मार्केट में दुकानदारों से संवाद कर दुकानों के बाहर डस्टबिन रखने और कूड़ा सड़क पर न फेंकने की अपील की। उन्होंने कहा कि व्रज की स्वच्छता केवल किसी एक विभाग की नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस दौरान “हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” और “ब्रज की स्वच्छता हम सबकी जिम्मेदारी है” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
इस अभियान में मथुरा के अलावा आगरा, दिल्ली, मेरठ, भोपाल सहित कई शहरों से स्वयंसेवक पहुंचे थे।
इस मौके पर सुरेंद्र शर्मा, डी.एन. शुक्ला, ओ.पी. सोलंकी, लखन सिंह, योगेंद्र सिंह, ब्रज मोहन शर्मा, कैलाश चंद, मनोज चौकसे, सगून शर्मा, उषा कौशवाह, मीनाक्षी राजपूत, शरणांश शर्मा, सतीश पालिवाल, मनोज कुमार शर्मा, हितेश, सोवेंद्र त्यागी, राखी त्यागी, सचिन अग्रवाल, ममता यादव, दीपक जोशी, निकुंज राणा, अजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक, निगम कर्मचारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

