4 दिन बाद खुला मसूरी-देहरादून मार्ग, रात 8 से सुबह 6 बजे तक केवल जरूरी वाहनों को अनुमति मसूरी: लगातार बारिश और भूस्खलन से परेशान मसूरी को आखिर राहत मिली है। 4 दिन से बंद मसूरी-देहरादून मार्ग पर गुरुवार को यातायात शुरू कर दिया गया। हालांकि प्रशासन ने कहा कि खतरा अभी खत्म नहीं हुआ है। पानी वाले बैंड के पास पहाड़ी अब भी कमजोर है। सुरक्षा के चलते रात में वाहनों की आवाजाही पर निगरानी रखी जाएगी।
20 जुलाई को अतिवृष्टि के कारण पानी वाले बैंड के पास सड़क धंस गई थी। जनहानि का खतरा देखते हुए प्रशासन ने मसूरी-देहरादून मार्ग बंद कर दिया था। इससे स्थानीय लोग, पर्यटक और व्यापारी बुरी तरह प्रभावित हुए। लोक निर्माण विभाग ने लगातार काम कर सड़क को अस्थायी रूप से ठीक किया, जिसके बाद ट्रैफिक बहाल करने का फैसला लिया गया। एसडीएम राहुल आनंद ने क्या कहा?
एसडीएम राहुल आनंद ने बताया कि सड़क खुलना राहत की बात है, लेकिन प्रशासन किसी भी प्रकार का जोखिम लेने के पक्ष में नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मार्ग की चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है।उन्होंने बताया कि मौसम और पहाड़ी की स्थिति को देखते हुए किसी भी समय त्वरित कार्रवाई के लिए सभी विभागों को अलर्ट रखा गया है।
बता दें कि प्रशासन ने रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक केवल अति आवश्यक वाहनों को ही मार्ग से गुजरने की अनुमति दी है। मसूरी कोतवाली और राजपुर थाना पुलिस को तीनों पालियों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस न केवल यातायात को नियंत्रित करेगी, बल्कि संवेदनशील स्थानों पर लगातार नजर भी रखेगी। प्रशासन का कहना है कि बारिश का दौर अभी खत्म नहीं हुआ है। पानी वाले बैंड क्षेत्र में दोबारा मलबा गिरने का खतरा बना हुआ है। इसलिए लोक निर्माण विभाग और एनएचआई को सड़क की स्थायी सुरक्षा के लिए युद्धस्तर पर काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
