गोवर्धन में सम्पूर्ण समाधान दिवस: DM-SSP ने सुनीं जन शिकायतें

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में तहसील गोवर्धन के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित।

मथुरा 18 जुलाई 2026/ जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने तहसील गोवर्धन के सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर फरियादियों की शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना। सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसामान्य की शिकायतों को एक-एक कर सुनते हुए जिलाधिकारी ने शिकायत से सम्बंधित विभागीय अधिकारी को मौके पर बुलाकर तत्काल निस्तारित करने अथवा भूमि विवाद/अन्य किसी विवाद की स्थिति में शिकायतकर्ता सहित सभी पक्षों की उपस्थिति में मौके का स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक अपने कार्यालय में उपस्थित रहकर जन समस्याएं सुने। उक्त कार्य में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। गोवर्धन तहसील समाधान दिवस के मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य जनसमस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान करना है। जिलाधिकारी ने प्राप्त प्रार्थना-पत्रों के नियमानुसार त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया।
जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस/ तहसील दिवस में कहा कि जनता की समस्या का समाधान करना हम सबके लिए सर्वाेपरि है। कोई भी फरियादी तहसील दिवस या किसी भी कार्यालय से निराश होकर नहीं जाना चाहिए।।
उप जिलाधिकारी गोवर्धन सुशील कुमार सिंह ने बताया है कि गोवर्धन तहसील में 45 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें से 05 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया है। उप जिलाधिकारी महावन प्राजक्ता त्रिपाठी ने अवगत कराया है कि सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसील महावन में 41 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें से 02 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
उप जिलाधिकारी सदर मोहित कुमार ने अवगत कराया है कि सदर तहसील में 34 शिकायतें प्राप्त हुई है, जिसमें से 05 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। उप जिलाधिकारी छाता अखिलेश कुमार ने अवगत कराया कि छाता तहसील में 42 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें से 04 का मौके पर निस्तारण हुआ। उप जिलाधिकारी मांट चंद्रभूषण प्रताप ने अवगत कराया है कि सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर 47 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें से 07 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *